मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक लॉ नीना वैदर पैर्टन के इस तूफान के कारण मौसम का असामान्य व्यवहार है. इसे जलवायु परिवर्तन के कारण मानना जल्दबाजी होगा. ऐसा एक दशक बाद या कई सालों में दुनिया के किसी भी देश में हो सकता है. यह प्राकृतिक है लेकिन ऐसे बर्फीले तूफान या मौसम की भविष्यवाणी नहीं की जा सकती.
इसी प्रकार उत्तरी इस्राइल के पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. तेल अवीव और यरुशलम के बीच राजमार्ग को बंद कर दिया गया है. यरुशलम और पहाड़ी क्षेत्रों में कई इंच तक बर्फ जम गई है. बर्फबारी और ठंड के कारण स्कूल और दुकानों को बंद करने के आदेश दे दिए गए हैं. हालांकि यरुशलम में साल में एक बार बर्फबारी होती रही है और वैज्ञानिक इसे सामान्य घटना मान रहे हैं.
इसके बावजूद यह तथ्य अनदेखा नहीं किया जा सकता कि सारी दुनिया में मौसम का चक्र परिवर्तित हो रहा है और यह केवल प्राकृतिक कारणों से नहीं है. इसके पीछे बहुत हद तक मानवजनित कारण भी हैं और वैज्ञानिकों का इस मुद्दे पर एकमत नहीं होना भी कहीं न कहीं यह दर्शाता है कि इन अनोखी घटनाओं के पीछे जलवायु परिवर्तन का हाथ भी है.






